- सूर्यकांत उपाध्याय

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित गुप्तकाशी भगवान शिव की आस्था और पौराणिक रहस्यों से जुड़ा प्रमुख तीर्थस्थल है। लोककथाओं के अनुसार, भगवान शिव कुछ समय के लिए इसी स्थान पर गुप्त रूप से रहे थे। मान्यता है कि वे वाराणसी से यहां आए थे, इसलिए इस स्थान का नाम गुप्तकाशी पड़ा। भागीरथी नदी के ऊपरी क्षेत्र में स्थित उत्तरकाशी को भी दूसरी काशी के रूप में जाना जाता है।
गुप्तकाशी का संबंध महाभारत काल की एक रोचक कथा से भी जुड़ा है। मान्यता है कि कुरुक्षेत्र युद्ध के बाद पांडव अपने पापों से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव का आशीर्वाद चाहते थे। हालांकि, युद्ध की घटनाओं से नाराज भगवान शिव उन्हें दर्शन नहीं देना चाहते थे। पांडवों से बचने के लिए उन्होंने नंदी बैल का रूप धारण कर लिया और गुप्तकाशी पहुंच गए।
पांडवों ने भगवान शिव की खोज जारी रखी। भीम ने बैल के रूप में भगवान शिव को पहचान लिया और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन शिव अंतर्ध्यान हो गए। इसके बाद पांडव गौरीकुंड पहुंचे। पौराणिक कथा के अनुसार, वहां भीम ने बैल की पूंछ पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसका सिर धरती में समा गया। बैल का मुख नेपाल के पशुपतिनाथ तक पहुंच गया और भगवान शिव ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रकट हुए। शिव के दर्शन के बाद पांडवों को पापों से मुक्ति मिली।
इसी मान्यता से पंचकेदार की उत्पत्ति जुड़ी है। केदारनाथ में भगवान शिव के पृष्ठ भाग, मदमहेश्वर में नाभि और उदर, तुंगनाथ में भुजाएं और वक्षस्थल, रुद्रनाथ में मुख तथा कल्पेश्वर में जटाओं की पूजा होती है। नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में उनके मुख के दर्शन होते हैं।
गुप्तकाशी का श्री विश्वनाथ मंदिर इस धार्मिक परंपरा का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर में स्थित मणिकर्णिका कुंड भी विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इसमें गंगा और यमुना नाम की दो जलधाराएं निरंतर प्रवाहित होती हैं। श्रद्धालु इस कुंड में स्नान करते हैं। विश्वनाथ मंदिर के समीप ही अर्धनारीश्वर मंदिर स्थित है, जहां भगवान शिव और माता पार्वती के संयुक्त स्वरूप की पूजा होती है।
इस तरह गुप्तकाशी केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि भगवान शिव, पांडवों और पंचकेदार की पौराणिक परंपराओं को जोड़ने वाला आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है।
