
- मुंबई । मुंबईकरों को रविवार, 22 नवंबर को लोकल ट्रेन से सफर करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मध्य और पश्चिम रेलवे ने पटरियों तथा सिग्नल प्रणाली की मरम्मत और रखरखाव के लिए तीनों रेल मार्गों पर मेगा ब्लॉक घोषित किया है। इसके चलते कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ गाड़ियां देरी से चलेंगी।
मध्य रेलवे (मुख्य मार्ग) पर ठाणे से कल्याण के बीच अप और डाउन फास्ट लाइन पर सुबह 10:40 से दोपहर 3:10 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान फास्ट लोकल धीमी लाइन से चलाई जाएंगी। कुछ सेवाएं रद्द रहेंगी और शेष ट्रेनें लगभग 20 से 25 मिनट देरी से चलेंगी।
हार्बर लाइन मार्ग पर सीएसएमटी से चुनाभट्टी और बांद्रा के बीच सुबह 10:40 से शाम 4:40 बजे तक ब्लॉक रहेगा। सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर, पनवेल, बांद्रा और गोरेगांव जाने वाली कई लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए पनवेल-कुर्ला के बीच विशेष लोकल चलाई जाएंगी।
पश्चिम रेलवे मार्ग पर चर्चगेट से मुंबई सेंट्रल के बीच सुबह 10:35 से दोपहर 3:35 बजे तक जंबो ब्लॉक रहेगा। धीमी लाइन की लोकल तेज लाइन से चलाई जाएंगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले संशोधित समय-सारणी देखकर ही घर से निकलें।
