- भाजपा ने दी नई जिम्मेदारी

- मुंबई । भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने अब राजनीति में नई पारी शुरू की है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन्हें अपने ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। पार्टी के इस फैसले के बाद क्रिकेट के मैदान पर अपनी गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले चहल की राजनीतिक भूमिका भी चर्चा में आ गई है।
भाजपा के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात के बाद चहल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी ने शनिवार को संगठन में कई अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियों की भी घोषणा की। इनमें विभिन्न राज्यों के नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री और सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में जोगेन मोहन, ममता मोहंता, संगम लाल गुप्ता, संगीता बलवंत बिंद, बबनराव राजी चौधरी, सत प्रकाश राणा और अर्जुन सहनी को नियुक्त किया गया है। वहीं, गजेंद्र यादव, प्रमोद मध्वराज और ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।
राष्ट्रीय सचिव के पद पर दशरथजी ठाकोर, टी. वरथराजन, संजीव कुमार, सरिता जांगिड़, कडगांची रमेश, वैभव पंवार और भीम कुमार साहू को जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा 37 सदस्यों को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
1990 में जन्मे चहल भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख लेग स्पिनर रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ आईपीएल में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। क्रिकेट के अलावा उनकी रुचि शतरंज में भी रही है। अब भाजपा संगठन में मिली नई जिम्मेदारी के साथ उनका सार्वजनिक जीवन एक नए मोड़ पर पहुंच गया है।
