- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे उद्घाटन, छह दिन तक साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन

- मुंबई । मुंबई विश्वविद्यालय के कालीना परिसर में 24 से 29 नवंबर तक मुंबई पुस्तक महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत की ओर से महाराष्ट्र सरकार, मुंबई महानगरपालिका और मुंबई विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 24 नवंबर को शाम 6 बजे करेंगे।
मुख्य आयोजक अमित साटम ने बताया कि महोत्सव में 200 प्रकाशकों के 600 से अधिक पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे। छह दिवसीय आयोजन में 100 से अधिक सत्र होंगे, जिनमें साहित्यिक संवाद, लेखक मुलाकात, पुस्तक लोकार्पण, बच्चों के कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल हैं।

महोत्सव में वंदे मातरम् के 150 वर्ष और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी के अनुसार प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक बच्चों के कार्यक्रम, दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक लेखक मंच और शाम 7 से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी।महोत्सव में प्रवेश निशुल्क रहेगा।
