- एफएसएसएआई ने दी मुकदमा चलाने की मंजूरी, दो प्रयोगशालाओं की जांच में नमूना असुरक्षित घोषित

मुंबई । देश में पैकेज्ड पेयजल के प्रमुख ब्रांडों में शामिल बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी के परिसर से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक नमूने में निर्धारित मानकों से अधिक ब्रोमेट पाया गया। इसके बाद नमूने को असुरक्षित घोषित कर दिया गया।
एफएसएसएआई के अनुसार, शुरुआती जांच के निष्कर्षों पर कंपनी ने आपत्ति जताते हुए अपील की थी। इसके बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। दूसरी जांच में भी नमूना असुरक्षित पाया गया। प्रयोगशाला को इसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (पीएएच) की मौजूदगी मिली।
प्राधिकरण ने कहा कि दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन सामने आया है। इसी आधार पर कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई है।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब खाद्य नियामक ने खाद्य कारोबार से जुड़ी कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की जांच तेज कर दी है।
हालांकि, जांच में सामने आए निष्कर्ष संबंधित नमूने तक सीमित हैं। इससे बिसलेरी के सभी उत्पादों को असुरक्षित नहीं माना जा सकता। कंपनी की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की प्रतीक्षा है।
