- 45 से 65 करोड़ साल पुरानी पर्वत संरचनाओं का पता चला

- पृथ्वी पर जीवन के विकास से जुड़े कई रहस्यों से उठेगा पर्दा मुंबई । अंटार्कटिका की मोटी बर्फ के नीचे वैज्ञानिकों ने हिमालय जैसी विशाल प्राचीन पर्वत शृंखलाओं के प्रमाण खोजे हैं। ये पर्वत लगभग 45 से 65 करोड़ वर्ष पुराने माने जा रहे हैं। इस खोज से पृथ्वी के भूगर्भीय इतिहास और शुरुआती जीवों के विकास को समझने में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
ऑस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी और जर्मनी के जीएफजेड रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज के वैज्ञानिकों ने यह अध्ययन किया है। इसके निष्कर्ष शोध पत्रिका ‘अर्थ एंड प्लैनेटरी साइंस लेटर्स’ में प्रकाशित हुए हैं।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, इन विशाल पर्वतों का निर्माण गोंडवाना महाद्वीप के गठन के दौरान हुआ था। उस समय धरती की टेक्टोनिक प्लेटों के टकराव से अंटार्कटिका सहित कई भूभागों में बड़े पैमाने पर पर्वत निर्माण हुआ।
- खनिजों से खुला रहस्य
अंटार्कटिका का अधिकांश हिस्सा बर्फ से ढका होने के कारण वैज्ञानिकों ने समुद्र के किनारे से प्राप्त तलछट के नमूनों का विश्लेषण किया। इनमें मिले जिरकॉन खनिज के 1,712 सूक्ष्म कणों की उम्र और रासायनिक संरचना की जांच से प्राचीन पर्वतों के अस्तित्व के संकेत मिले।
- जीवन के विकास में योगदान
वैज्ञानिकों का मानना है कि इन पर्वतों के कटाव से बड़ी मात्रा में पोषक तत्व समुद्रों तक पहुंचे। इस प्रक्रिया ने समुद्री जीवन के विकास के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाने में योगदान दिया। लगभग 53.9 करोड़ वर्ष पहले समुद्री जीवों की विविधता में तेजी से वृद्धि हुई थी, जिसे ‘कैम्ब्रियन विस्फोट’ कहा जाता है।
यह खोज अंटार्कटिका के भूगर्भीय स्वरूप को समझने के साथ बर्फ की गति, ग्लेशियरों के पिघलने और भविष्य में समुद्र के जलस्तर में होने वाले बदलावों के अध्ययन में भी सहायक हो सकती है।
