- सूर्यकांत उपाध्याय

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, बिहार का गया तीर्थ पितरों के श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान के लिए सबसे पवित्र स्थलों में से एक है। इसकी स्थापना के पीछे गयासुर की तपस्या, भगवान विष्णु के वरदान और माता सीता से जुड़ी रोचक कथाएं प्रचलित हैं।
कथा के अनुसार, ब्रह्माजी की सृष्टि में असुर कुल में गयासुर का जन्म हुआ, लेकिन उसमें आसुरी प्रवृत्तियां नहीं थीं। वह भगवान विष्णु का भक्त और परोपकारी था। उसने कठोर तपस्या कर भगवान विष्णु से वरदान मांगा कि उसके दर्शन मात्र से लोगों के पाप नष्ट हो जाएं और उन्हें स्वर्ग की प्राप्ति हो। भगवान ने उसकी इच्छा पूरी कर दी।
इस वरदान से यमराज की व्यवस्था प्रभावित होने लगी। तब ब्रह्माजी ने गयासुर की पीठ पर यज्ञ करने का प्रस्ताव रखा। देवताओं के साथ भगवान विष्णु भी उसकी पीठ पर विराजमान हुए। गयासुर ने देवताओं की मर्यादा बनाए रखने के लिए स्वयं को अचल कर लिया और भगवान से उसे शिला के रूप में स्थापित करने का अनुरोध किया।
उसने इच्छा जताई कि इस स्थान पर भगवान विष्णु सभी देवताओं के साथ विराजमान रहें और यहां पिंडदान करने से मृत आत्माओं का कल्याण हो। भगवान ने उसकी प्रार्थना स्वीकार की। मान्यता है कि यहां विष्णुजी के चरणचिह्न भी स्थापित हैं, जो विष्णुपद मंदिर में दर्शनीय हैं।
गया में फल्गू नदी के तट, विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट के नीचे पिंडदान की परंपरा है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने भी यहीं अपने पिता राजा दशरथ का पिंडदान किया था।
एक अन्य कथा के अनुसार, श्राद्ध के समय श्रीराम सामग्री लेने गए थे। उनकी अनुपस्थिति में सीताजी ने फल्गू नदी, गाय, वटवृक्ष और केतकी के फूल को साक्षी मानकर बालू से पिंडदान किया। लौटने पर श्रीराम ने जब साक्ष्य मांगे तो सभी ने सत्य छिपा लिया, केवल अक्षयवट ने सीताजी का साथ दिया। इससे नाराज होकर सीताजी ने फल्गू नदी को सूखा रहने, गाय को मैला खाने और केतकी के फूल को पितृपूजन में निषिद्ध होने का श्राप दिया। वहीं अक्षयवट को दीर्घायु और सदैव छाया देने का आशीर्वाद दिया।
आज भी गया के सीताकुंड में बालू से पिंडदान की परंपरा निभाई जाती है। इस प्रकार गया तीर्थ आस्था, त्याग और पितरों के प्रति कृतज्ञता का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।
