- छोटी-छोटी मुलाकातें दूर कर सकती हैं अकेलापन, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक जुड़ाव को मिलता है बढ़ावा

- मुंबई । बढ़ती उम्र में अनजान लोगों से बातचीत करना केवल समय बिताने का जरिया नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का एक आसान तरीका भी हो सकता है। मनोवैज्ञानिक शोध के अनुसार, 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोग यदि बाजार, सुपरमार्केट या सार्वजनिक स्थानों पर कतार में खड़े होकर आसपास के लोगों से बातचीत करते हैं तो इससे उन्हें भावनात्मक और सामाजिक लाभ मिल सकता है।
शोधकर्ताओं का मानना है कि कुछ मिनट की सामान्य बातचीत भी अकेलेपन का एहसास कम करने और जीवन में सकारात्मकता बढ़ाने में मदद करती है। खासकर सेवानिवृत्ति के बाद जब लोगों का सामाजिक दायरा सीमित होने लगता है, तब ऐसे छोटे संवाद काफी महत्वपूर्ण हो जाते हैं।
इस विषय पर ब्रुनेल यूनिवर्सिटी लंदन और डरहम यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने अध्ययन किया। इसमें 65 से 88 वर्ष की आयु के बुजुर्गों के अनुभवों का विश्लेषण किया गया। अध्ययन के दौरान प्रतिभागियों को तीन महीने तक अनजान लोगों से बातचीत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कई लोगों ने माना कि दूसरों से बातचीत करने के बाद उन्हें खुशी और मानसिक सुकून महसूस हुआ।
विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार, पार्क, कैफे और सार्वजनिक परिवहन जैसे स्थान नए लोगों से जुड़ने के अच्छे अवसर देते हैं। इसके लिए किसी गहरी दोस्ती या लंबे संवाद की जरूरत नहीं होती। सामान्य अभिवादन और कुछ मिनट की बातचीत भी सकारात्मक असर डाल सकती है।
इस अध्ययन का संदेश स्पष्ट है कि उम्र बढ़ने के साथ सामाजिक संपर्क बनाए रखना जरूरी है। छोटी-छोटी बातचीत बुजुर्गों को अकेलेपन से बचाने और जीवन में अपनापन बनाए रखने में मददगार हो सकती है।
