- मुंबई। महाराष्ट्र में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मुंबई में नवंबर महीने के दौरान पिछले एक दशक का दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

सांताक्रूज मौसम केंद्र में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है। वहीं, जलगांव राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां पारा गिरकर 8 डिग्री तक पहुंच गया। नाशिक में 10, मालेगांव में 10.6, पुणे में 11.2 और सातारा में 12 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। कोंकण क्षेत्र में भी ठंड का असर दिखाई दिया। डहाणू में 15.6 और रत्नागिरी में 17.2 डिग्री तापमान रहा। पनवेल में भी न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने और सुबह-रात ठंड का प्रभाव बने रहने की संभावना है।
