- सूर्यकांत उपाध्याय

तहसील के यमुना किनारे बसे एक गांव में रहने वाला जाट वर्षों से प्रत्येक पूर्णिमा को वृंदावन जाकर श्रीबांकेबिहारीजी के दर्शन करता था। करीब 30-40 वर्षों से उसका यह नियम कभी नहीं टूटा था।
एक बार पूर्णिमा से ठीक एक दिन पहले चतुर्दशी को उसके इकलौते जवान बेटे की मृत्यु हो गई। पूरे गांव में शोक छा गया। जाट ने ग्रामीणों के साथ यमुना किनारे बेटे का अंतिम संस्कार किया। इसके बाद सभी लोग घर लौटने लगे तो उसने कहा, ‘जो होना था, वह हो गया। आप लोग घर जाइए। कल पूर्णिमा है और मुझे श्रीबांकेबिहारीजी के दर्शन करने वृंदावन जाना है।’
उसकी बात सुनकर लोग हैरान रह गए। सभी ने उसे समझाया कि ऐसे दुख के समय घर पर रहना चाहिए, लेकिन वह अपने नियम पर अडिग रहा और वृंदावन के लिए निकल पड़ा।
उधर, तेज आंधी और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। यमुना में तूफान के कारण मल्लाह ने नाव ले जाने से इनकार कर दिया। पुत्र वियोग से दुखी जाट इस बात से भी व्याकुल हो उठा कि अब वह पूर्णिमा की सुबह अपने आराध्य के दर्शन कैसे कर पाएगा। वह रातभर मल्लाह की झोपड़ी में पड़ा रहा।
इधर, वृंदावन में मंदिर के गोसाईंजी भी रात तक उसकी प्रतीक्षा करते रहे। रात में जाट को स्वप्न जैसा अनुभव हुआ कि वह वृंदावन पहुंच गया है। उसने मंदिर में दर्शन किए, पुजारीजी से प्रसाद पाया और फिर सो गया।
सुबह आंख खुली तो उसने स्वयं को वृंदावन की उसी कुटिया में पाया, जहां वह हर पूर्णिमा को ठहरता था। आश्चर्यचकित होकर वह पुजारीजी के पास पहुंचा और रात की घटना बताई। पुजारीजी ने कहा कि उन्होंने तो उसे प्रसाद दिया ही नहीं। यह सब बांकेबिहारीजी की कृपा और लीला है।
कुटिया में प्रसाद के कण और जल देखकर जाट की आंखें भर आईं। वह भावविह्वल हो गया।
- संदेश : सच्ची भक्ति में अटूट विश्वास और समर्पण हो तो भगवान अपने भक्त की पुकार अवश्य सुनते हैं।
