- कॉपर में भी तेजी के संकेत

- मुंबई । सोने, चांदी और कॉपर की कीमतों में हालिया गिरावट के बाद अब बाजार में तेजी लौटने की उम्मीद जताई जा रही है। देश में शादी-विवाह का मौसम शुरू होने से कीमती धातुओं की मांग बढ़ सकती है। वहीं, चीन में कॉपर का भंडार घटने और औद्योगिक खपत बढ़ने से उसकी कीमतों में भी सुधार के संकेत हैं।
ब्रिकवर्क रेटिंग्स के रिसर्च हेड राजीव शरण के अनुसार, शादी सीजन में सोने और चांदी की खरीदारी बढ़ने से इनके भाव को सहारा मिल सकता है। हालांकि, अमेरिकी ब्याज दरों, डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के चलते हाल के दिनों में इन धातुओं पर दबाव रहा है। सोना और चांदी अपने ऊंचे स्तर से काफी नीचे आ चुके हैं, जबकि कॉपर सात महीने के निचले स्तर तक पहुंच गया है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि औद्योगिक जरूरतें भी चांदी की कीमतों को मजबूती दे सकती हैं। स्मालकेस मैनेजर अभिषेक बनर्जी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और बैटरी उद्योग में चांदी की बढ़ती खपत से इसकी मांग मजबूत बनी रहेगी।
इस बीच, 15 दिसंबर तक चलने वाले शादी-विवाह के मौजूदा सीजन में मुंबई महानगर क्षेत्र में करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इससे सोने-चांदी के आभूषणों की मांग बढ़ने की संभावना है। पीएल कैपिटल के संदीप रायचुरा ने निवेशकों को सोने में एकमुश्त निवेश करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से गोल्ड ईटीएफ में पैसा लगाने की सलाह दी है। हालांकि, वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के कारण तीनों धातुओं की कीमतों में आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
