- मुंबई। मुंबई के सार्वजनिक उद्यानों में नशाखोरी, मारपीट और महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं को देखते हुए भाजपा नेता शुभ्रांशु दीक्षित ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने निजी सुरक्षा एजेंसियों के स्थान पर महाराष्ट्र होमगार्ड के प्रशिक्षित जवानों की तैनाती का सुझाव दिया है।

भाजपा के मुंबई उत्तर मध्य जिला उपाध्यक्ष दीक्षित ने पत्र में कुर्ला पश्चिम स्थित फीनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन गार्डन में युवक-युवती के साथ हुई मारपीट और छेड़छाड़ की घटना का उल्लेख किया है। इस मामले में बीएमसी द्वारा संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के बावजूद उन्होंने स्थायी समाधान की जरूरत बताई है।
उन्होंने सभी उद्यानों में सीसीटीवी कैमरे, नियमित पुलिस गश्त, नशाखोरी करने वालों पर कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की नियुक्ति की मांग की है। साथ ही सभी उद्यानों का सुरक्षा ऑडिट कराने और बीएमसी, गृह विभाग तथा होमगार्ड विभाग के बीच समन्वित कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया है।
