- मुंबई में हर साल होगा पुस्तक महोत्सव
- पहले दिन पहुंचे लगभग एक लाख पुस्तक प्रेमी

- मुंबई । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि समृद्ध समाज का निर्माण पुस्तकों से होता है। पुस्तकें ज्ञान का विस्तार करने के साथ मनुष्य को संवेदनशील बनाती हैं और विचार करने की प्रेरणा देती हैं। आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का दौर है, लेकिन उसे जीवन की संवेदना, प्रेम और भावनाओं का ज्ञान नहीं है। इसलिए मुंबई पुस्तक महोत्सव केवल पुस्तकों का नहीं, बल्कि संवेदनाओं और इंसानियत का महोत्सव है। उन्होंने घोषणा की कि मुंबई में अब हर साल पुस्तक महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मुंबई विश्वविद्यालय के कालीना परिसर में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत की ओर से आयोजित मुंबई पुस्तक महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने श्वेता पांडा की ‘थोड़ी मय’, हिमांशु गुप्ता की ‘मेंटल हेल्थ फॉर टीनएजर्स’, पूजा राय की ‘अमर पुराण’ और अमृता बोहरा की ‘वीर गाथा’ पुस्तकों का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े, पुलिस आयुक्त देवेन भारती, महापौर ऋतु तावड़े, न्यास के अध्यक्ष मिलिंद मराठे, निदेशक युवराज मलिक, मुख्य आयोजक अमित साटम और मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
अमित साटम ने कहा कि फिल्म, बॉलीवुड और फैशन महोत्सवों के लिए पहचान रखने वाली मुंबई के पास अब अपना पुस्तक महोत्सव भी है। आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से उम्मीद है कि उनकी स्क्रीन देखने की अवधि कम होगी और पढ़ने का समय बढ़ेगा। युवराज मलिक ने विश्वास जताया कि यह आयोजन महाराष्ट्र की समृद्ध पुस्तक और ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाएगा।
29 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में 600 से अधिक पुस्तक स्टॉल लगाए गए हैं। पहले ही दिन करीब एक लाख पुस्तक प्रेमियों ने यहां पहुंचकर पुस्तकों में रुचि दिखाई। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
महोत्सव में 100 से अधिक सत्र होंगे। इनमें साहित्यिक संवाद, लेखकों से मुलाकात, पुस्तक विमोचन, प्रदर्शनियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, आचार्य प्रशांत, पैरालिंपिक खिलाड़ी दीपा मलिक, उज्ज्वल निकम, मनोज मुंतशिर, शेफाली शाह, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और कई प्रमुख साहित्यकार एवं कलाकार भी विभिन्न सत्रों में शामिल होंगे।
