● राकांपा (शरद पवार) के नेता मनीष दुबे की पहल

मुंबई।
महाराष्ट्र में निवासरत हिंदी भाषी नागरिकों को मराठी भाषा सिखाने के उद्देश्य से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के हिंदी भाषी प्रकोष्ठ द्वारा एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का शुभारंभ पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुआ, जिसमें पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक जयंत पाटिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस पहल के आयोजक हिंदी भाषी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मनीष दुबे हैं। उद्घाटन समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता जितेंद्र आव्हाड, मिलिंद कांबले, असलम शेख, अभय पांडे, अजय यादव, शैलेन्द्र यादव, जैनुल अंसारी, रंजीत चौधरी, राजेंद्र चंदेल सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में जयंत पाटिल ने कहा, ‘मुंबई में रहने वाले हिंदी भाषी नागरिकों में मराठी सीखने की गहरी इच्छा है। उन्हें यह अवसर प्रदान करने हेतु यह सराहनीय उपक्रम शुरू किया गया है। हम मनीष दुबे के इस प्रयास का खुले दिल से स्वागत करते हैं।’
इस अभियान की शुरुआत प्रायोगिक तौर पर बोरिवली और दहिसर क्षेत्रों से की जा रही है। यदि यह प्रयास सफल होता है तो इसे मुंबई के अन्य इलाकों में भी विस्तारित किया जाएगा, ऐसा जयंत पाटिल ने स्पष्ट किया।