● भाजपा विधायक अमीत साटम बने मुंबई भाजपा अध्यक्ष

मुंबई।
मनपा चुनाव से पहले अंधेरी (पश्चिम) से भाजपा विधायक अमीत साटम को मुंबई भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। विधायक अमीत साटम ने कहा कि वह मुंबई के लिए पार्टी के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विधायक अमीत साटम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का उन पर विश्वास जताने और इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए आभार प्रकट किया।
अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बात करते हुए विधायक अमीत साटम ने कहा कि इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, परिवहन व्यवस्था और आवास के साथ-साथ, मुंबई की पहचान को बदलने के बढ़ते प्रयासों के बीच, मुंबईवासियों की सुरक्षा को भी उतनी ही प्राथमिकता दी जाएगी। मुंबईवासियों की सुरक्षा और संरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुंबई के विकास के साथ-साथ हमारा ध्यान नागरिकों के कल्याण और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर रहेगा। हम मनपा में महायुति का झंडा फहराने और महायुति का महापौर बैठाने के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे।
विधायक साटम ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में 2014 से इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को एक नई ऊंचाई तक ले गया है। इनमें कोस्टल रोड, अटल सेतु, मेट्रो प्रोजेक्ट्स, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सीसीटीवी निगरानी और 2011 तक झोपड़पट्टीवासियों को घर देने का लक्ष्य, साथ ही निम्न और मध्यम आय वर्ग के लिए घरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने वाले आवास सुधार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई समग्र विकास की दिशा में है और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में परिवर्तन की राह पर है, और हम उस कार्य को आगे ले जाने का कार्य करेंगे।