
● मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के मुंबई प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र को उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए पूर्वांचल रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया है। सबरंग भोजपुरी फिल्म अवार्ड के कुलदीप श्रीवास्तव और ऑस्कर टीवी के मालिक आनंद सिंह के संयोजन में बांद्रा के बालगंधर्व सभागृह में भोजपुरी फिल्म की प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति में यह अवार्ड दिया गया। सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी, आजमगढ़ के पूर्व सांसद व अभिनेता दिनेशलाल निरहुआ और भोजपुरी फिल्मों के शोमैन निर्माता रत्नाकर ने अमरजीत मिश्र को सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि मुंबई में 1989 से उत्तरप्रदेश दिवस समारोह की शुरुआत करनेवाले अमरजीत मिश्र की पहल पर ही उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने 2017 में सरकार में आते ही अपनी पहली कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश दिवस शुरू करने का प्रस्ताव पारित किया था। मुंबई और उसके आसपास सावन के महीने में 20 से अधिक जगहों पर कजरी महोत्सव का आयोजन कर श्री मिश्र डेढ़ दशकों से कर हे हैं। पूर्वांचल की सांस्कृतिक चेतना को जागृत रखने में श्री मिश्र का विशेष योगदान है। वे विश्व भोजपुरी सम्मेलन के आयोजनों में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हैं।
सोमवार को हुए सबरंग फिल्म अवार्ड में भी सांसद मनोज तिवारी और अभिनेता निरहुआ ने अमरजीत मिश्र के योगदान की जमकर सराहना की। समारोह में अभिनेता कुणाल सिंह, दयाशंकर पांडेय, आम्रपाली दुबे समेत कई बड़े कलाकार उपस्थित थे।
