
● रवीन्द्र मिश्रा@मुंबई
छोटे बच्चों को स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से मुंबई की सामाजिक संस्था ऐंप्स ग्लोबल हेल्थ अवेयरनेस ट्रस्ट ने ‘स्वस्थ भारत’ नामक एक नया प्रोजेक्ट प्रारंभ किया है। संस्था की संस्थापिका ममता शाह के अनुसार, “आज का स्वस्थ बच्चा, कल का स्वस्थ भारत बनेगा।”
इसी उद्देश्य से 9 नवम्बर को जुहू-विलेपार्ले स्थित तिलक गार्डन में बच्चों के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बच्चों को योग एवं शारीरिक प्रशिक्षण के माध्यम से निरोग रहने के उपाय सिखाए गए।
कार्यक्रम के दौरान ममता शाह ने कहा, “बच्चे गीली मिट्टी के समान होते हैं, उन्हें जिस सांचे में ढालो, वे उसी रूप में ढल जाते हैं। यही समय है जब संस्कारों के माध्यम से उनका शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास कर हम उन्हें सुदृढ़ बना सकते हैं। क्योंकि आज का स्वस्थ बच्चा ही कल का सशक्त भारत बनेगा।”
उन्होंने आगे बताया कि संस्था के माध्यम से बच्चों को कला, शिल्प, खेल, कंप्यूटर आदि के जरिये विविध प्रशिक्षण देकर उन्हें सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान किए जाएंगे, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
सामाजिक कार्यकर्ता मधु काबरा के सहयोग से संपन्न इस कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पृथ्वी शाह, सामाजिक कार्यकर्ता मधु कुमार राठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
