
● मुंबई।
मुंबई में विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित भागवत महापुराण कथा की संपन्नता पर सुप्रसिद्ध कथावाचक पूज्य शांतिदूत श्री देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज ने रविवार को देर शाम प्रभादेवी स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचकर माथा ठेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। महाराजश्री के निजी प्रबंधक और विश्व शांति मिशन के सचिव विजय शर्मा भी साथ थे। मंदिर के पूर्व ट्रस्टी राजाराम देशमुख ने उनका स्वागत किया और अगवानी की।
ज्ञात हो कि देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज मुंबई में जब भी कथा सुनाते आते हैं तो उसकी पूर्णता होने पर श्री सिद्धिविनायक भगवान का आभार जताने और उनसे आशीर्वाद लेने अवश्य पहुंचते हैं। रविवार को महाराजश्री के साथ श्रद्धालुओं का बड़ा काफिला भी मंदिर पहुंचा था। भक्तों को संबोधित करते हुए महाराजश्री ने कहा कि मुंबईवाले बड़े सौभाग्यशाली हैं कि यहां श्री सिद्धिविनायक भगवान की कृपा हमेशा बरसती है। गणेश भगवान की कृपा से श्रद्धालुओं को बल, बुद्धि, धन, संपदा, ऐश्वर्य के साथ धार्मिकता भी खूब मिलती है।

महाराजश्री ने कहा कि मुंबई में मुंबादेवी की कृपा है और महालक्ष्मी भी खूब आशीर्वाद देती हैं। महाराजश्री ने कहा कि आज के दौर में सनातन संस्कृति और धार्मिकता के प्रति मुंबईवासियों का रुझान उनकी अपार श्रद्धा और आस्था का प्रमाण है। महाराजश्री ने युवाओं को धर्म से जोड़ने की सबसे अपील की और मुंबईवासियों से विदा लेकर वृंदावन के लिए रवाना हो गए।
