
● मुंबई
आगामी टी20 विश्व कप को लेकर भारतीय क्रिकेट की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को भारतीय टीम का एलान किया जाएगा। साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भी टीम घोषित होगी। इस अवसर पर मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव दोपहर 1:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति की बैठक बोर्ड मुख्यालय में होगी। इसके बाद टीम चयन से जुड़े अहम फैसलों की जानकारी दी जाएगी। भारतीय टीम शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में टी20 सीरीज का आखिरी मैच खेलेगी, जिसके बाद सूर्यकुमार यादव के मुंबई पहुंचने की संभावना है।
भारत 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे और फिर टी20 सीरीज खेलेगा। माना जा रहा है कि टी20 विश्व कप से पहले यह टीम इंडिया की आखिरी द्विपक्षीय सीरीज होगी। चयन समिति विश्व कप और न्यूजीलैंड सीरीज दोनों के लिए टीम तय करेगी।
भारत इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करेगा। 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने ट्रॉफी जीती थी। टीम चयन में अधिकांश स्थान तय हैं, लेकिन कुछ पोजीशन को लेकर मंथन जारी है। उपकप्तान शुभमन गिल की फॉर्म और संजू सैमसन का टीम संयोजन फिलहाल चर्चा में है।
टी20 विश्व कप का आयोजन सात फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होगा। भारत ग्रुप ए में पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड्स और नामीबिया के साथ है। भारत सात फरवरी को अमेरिका के खिलाफ मुंबई में अभियान शुरू करेगा, जबकि 15 फरवरी को पाकिस्तान से महामुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।
