
● मुंबई
रविवार 18 जनवरी को शाम 5 बजे चित्रनगरी संवाद मंच में मनीषा कंठालिया अपनी कहानी का पाठ करेंगी। मनीषा जी एक बहुआयामी कलाकार हैं। उन्होंने अपनी कला और आवाज़ के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
मनीषा एक कुशल इवेंट होस्ट, स्टोरी टेलर, थिएटर कलाकार, कवयित्री, लेखक और आरजे हैं। भारत से लेकर दुबई, नाइजीरिया और केन्या तक के अपने पेशेवर सफ़र में मनीषा ने अपने फ़न और हुनर के ज़रिए लोगों को जोड़ने का काम किया है।
मनीषा ने ‘आकाशवाणी’ उदयपुर में उद्घोषक और केन्या के ‘साउंड एशिया एफएम’ में आरजे के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने केन्या में भारतीय उच्चायोग, ओएनजीसी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और न्यू इंडिया एश्योरेंस जैसे बड़े संस्थानों के लिए कार्यक्रमों का कुशल संचालन किया है।
मनीषा एक प्रतिष्ठित लेखिका हैं। उनकी पुस्तक ‘अंतस का आकाश’ काफ़ी सराही गई। उन्हें अपनी एक शॉर्ट फ़िल्म के लिए AIFF द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री’ के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
राजस्थान फाउंडेशन के लिए ‘राजस्थान दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन और दुबई में ‘ओपन माइक’ होस्ट करना उनकी बहुमुखी प्रतिभा के कुछ खास उदाहरण हैं। अपनी दिलकश आवाज़ और ख़ूबसूरत अंदाज के कारण मनीषा आज कॉर्पोरेट और सांस्कृतिक जगत का एक जाना-माना नाम हैं।
