
● मुंबई
स्वस्ति श्री त्रिवेणी फाउंडेशन तथा विश्व हिंदू परिषद की दुर्गावाहिनी और मातृशक्ति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बोरीवली पश्चिम स्थित न्यू एमएचबी कॉलोनी के द बीएमएस ब्रायो इंटरनेशनल स्कूल परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सौ से अधिक नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
फाउंडेशन के संयोजक अभिषेक जाजू ने बताया कि संस्था अन्नदान और वस्त्रदान के साथ शिक्षा सामग्री, कंबल, छतरी आदि का जरूरतमंदों तक नियमित वितरण करती है। रक्तदान जैसे अभियानों के माध्यम से मानव जीवन की रक्षा में सकारात्मक भूमिका निभाने का सतत प्रयास किया जाता है।
विश्व हिंदू परिषद के रामजी चौहान ने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर उनके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को सशक्त किया जाता है।
शिविर में स्थानीय विधायक संजय उपाध्याय, नवनिर्वाचित नगरसेवक तथा अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पत्रकार विकास संघ के अध्यक्ष आनंद मिश्रा सहित सुनील सिंह और शैलेंद्र श्रीवास्तव ने रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए। कार्यक्रम के दौरान अभिषेक जाजू और रामजी चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया।
