
● मुंबई
टाटा मुंबई मैराथन के प्रतिष्ठित मंच पर नवी मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने अनुशासन, संकल्प और फिटनेस का प्रभावशाली उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने 42 किलोमीटर की फुल मैराथन 4 घंटे 39 मिनट 23 सेकंड में पूरी की। यह उनकी मुंबई मैराथन में ग्यारहवीं सहभागिता रही।
अंतरराष्ट्रीय धावकों से सजी इस चुनौतीपूर्ण दौड़ में डॉ. शिंदे का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। अत्यंत व्यस्त प्रशासनिक दायित्वों के बीच भी वे प्रतिदिन सुबह अभ्यास को जीवनशैली का हिस्सा बनाए रखते हैं। यही सतत साधना उनकी सफलता की मजबूत नींव बनी।
गत वर्ष दक्षिण अफ्रीका की विश्वप्रसिद्ध कॉमरेड्स मैराथन में 86.6 किलोमीटर की कठिन दौड़ पूरी कर उन्होंने एक वरिष्ठ सिविल अधिकारी के रूप में नई पहचान कायम की थी। हालिया चुनावी व्यस्तताओं के बावजूद उनका अभ्यास निर्बाध जारी रहा।
सुबह पांच बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से आरंभ हुई 21वीं टाटा मुंबई मैराथन मरीन ड्राइव, हाजी अली, बांद्रा-वर्ली सी लिंक और पहली बार शामिल कोस्टल रोड से होकर गुज़री। डॉ. कैलास शिंदे की यह उपलब्धि खेल भावना और कर्मठ प्रशासन का प्रेरक संगम बनकर उभरी।
