
● मुंबई
होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे ने 231 हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अधिसूचना जारी की है। ये विशेष ट्रेनें 1 मार्च से 22 मार्च 2026 के बीच देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए चलाई जाएंगी।
पश्चिम रेलवे द्वारा चलाई जा रही ये स्पेशल ट्रेनें उत्तर और पूर्व भारत के प्रमुख राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ेंगी, जहां होली के अवसर पर यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है। अतिरिक्त ट्रेनों की इस व्यवस्था से यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा सुविधाएं मिलेंगी और नियमित ट्रेनों पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि रेलवे लगातार आरक्षण की स्थिति और यात्री मांग पर नजर रखे हुए है। जरूरत पड़ने पर नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं और मांग के अनुसार और भी विशेष ट्रेनों की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस, उधना, सूरत और अहमदाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर विशेष होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। इन स्थानों पर यात्रियों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त रोशनी, पंखे और जन उद्घोषणा प्रणाली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
