
● सांगली
प्रेम, सेवा और एकत्व के पावन संदेश के साथ महाराष्ट्र का 59वां निरंकारी संत समागम आगामी 24 से 26 जनवरी 2026 तक सांगली में आयोजित किया जाएगा। यह त्रिदिवसीय भव्य आयोजन परम पूज्य सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के दिव्य सान्निध्य में श्रद्धा और गरिमा के साथ संपन्न होगा। समागम की सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और सांगली जनपद के सांगलवाड़ी स्थित लगभग 400 एकड़ के विशाल परिसर को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रूप दिया जा चुका है।

समागम के अंतर्गत प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से मुख्य सत्संग कार्यक्रम आरंभ होगा, जिसमें देश-विदेश से आए संत, वक्ता, कवि एवं गीतकार आध्यात्मिक विचारों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे। प्रत्येक दिवस का समापन रात्रि 9 बजे सतगुरु माता जी के प्रेरणादायी आशीर्वचनों से होगा। इस वर्ष समागम का विषय ‘आत्म-मंथन’ निर्धारित किया गया है, जो आत्मबोध और मानवीय मूल्यों के जागरण पर केंद्रित रहेगा।

पिछले एक माह से महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु निष्काम सेवा भाव से समागम स्थल को एक भव्य शामियाना नगरी का स्वरूप दे रहे हैं। लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आवासीय टेंट, विशाल लंगर, औषधालय, सुरक्षा, पार्किंग और परिवहन की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही आध्यात्मिक साहित्य स्टॉल, निरंकारी प्रदर्शनी और बच्चों के लिए विशेष बाल प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मानव कल्याण के इस महा आयोजन में सहभागिता हेतु समस्त श्रद्धालुओं एवं सज्जनों को सादर आमंत्रित किया गया है।
