■ पद्म पुरस्कार 2026 की घोषणा

● नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस वर्ष कुल 131 पद्म पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं।
इस सूची में 19 महिलाएं सम्मानित की गई हैं, जबकि विदेशी नागरिकों, अनिवासी भारतीयों, भारतीय मूल के व्यक्तियों और भारत के प्रवासी नागरिकों की श्रेणी में 6 नाम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 16 विभूतियों को मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया गया है।
देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से वर्ष 2026 में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता वी. एस. अच्युतानंदन और हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा लोक कार्यों के क्षेत्र में पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश के. टी. थॉमस, कला के क्षेत्र में प्रख्यात हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका एवं वायलिन वादक एन. राजम, तथा साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में वरिष्ठ मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।
पद्म भूषण पाने वालों में कला, चिकित्सा, लोक कार्य, सामाजिक सेवा, व्यापार और खेल जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हैं। प्रमुख नामों में प्रसिद्ध पार्श्व गायिका अलका याज्ञनिक, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, मशहूर अभिनेता मम्मूटी, उद्योगपति-बैंकर उदय कोटक, विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन और भाजपा नेता वी. के. मल्होत्रा शामिल हैं। टेनिस जगत के दिग्गज विजय अमृतराज को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्म श्री पुरस्कार पाने वालों में अभिनेता और हास्य कलाकार सतीश शाह (मरणोपरांत) के साथ-साथ क्रिकेटर रोहित शर्मा, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, हॉकी खिलाड़ी सविता पुनिया, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एम. जगदीश कुमार, प्रसार भारती के पूर्व सीईओ शशि शेखर वेम्पति, अभिनेता आर. माधवन और प्रोसेनजीत चटर्जी जैसे नाम शामिल हैं।
पद्म पुरस्कारों की यह सूची विभिन्न क्षेत्रों में देश की सेवा करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर भारत की विविधता, समर्पण और उत्कृष्टता को रेखांकित करती है।
