■ गैस, सीएनजी और हवाई यात्रा पर दिखेगा असर

● मुंबई
फरवरी महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए आर्थिक बदलावों की नई तस्वीर लेकर आ रही है। 1 फरवरी 2026 से देशभर में कुछ नई दरें और नियम लागू होंगे, जिनका सीधा असर घरेलू बजट और रोज़मर्रा के खर्च पर पड़ेगा। रसोई गैस से लेकर वाहन ईंधन और हवाई सफर तक, कई मोर्चों पर कीमतों में बदलाव की संभावना है।
हर महीने की तरह इस बार भी 1 फरवरी को तेल विपणन कंपनियां एलपीजी सिलेंडर के दामों की समीक्षा करेंगी। 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के नए रेट इसी दिन घोषित किए जाएंगे। हाल के महीनों में 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलेंडर की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। जनवरी की शुरुआत में व्यावसायिक सिलेंडर सस्ता हुआ था, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, वैश्विक बाजार और अन्य कारकों को देखते हुए बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
इसी के साथ सीएनजी और पीएनजी के दामों में संशोधन की अटकलें भी तेज हैं। सीएनजी महंगी होने पर वाहन चालकों का सफर और खर्चीला होगा, जबकि पीएनजी की कीमतें बढ़ीं तो रसोई का बजट प्रभावित होना तय है।
हवाई यात्रियों के लिए भी फरवरी की पहली तारीख अहम रहेगी। एयर टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) के नए रेट 1 फरवरी को जारी होंगे। यदि एटीएफ महंगा होता है तो विमान टिकटों की कीमतें बढ़ सकती हैं, जबकि दरों में कटौती होने पर यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, फरवरी की शुरुआत जेब पर असर डालने वाले फैसलों के साथ होने जा रही है, जिन पर आम लोगों की नजरें टिकी रहेंगी।
