■ स्वानंद बाबा आश्रम में महाशिवरात्रि पर जुटे हजारों भक्त
■ समाधि पर्व पर श्रद्धालुओं ने बाबा की समाधि को किया नमन

● मुंबई
भगवान शिव की आराधना का महापर्व महाशिवरात्रि जब गुरु-समाधि के पावन स्मरण से जुड़ जाए तो वह केवल उत्सव नहीं, साधना का दिव्य अवसर बन जाता है। इसी आध्यात्मिक भावभूमि में ठाणे स्थित स्वानंद बाबा आश्रम में महाशिवरात्रि महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और गुरु-निष्ठा के साथ संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि इसी पावन तिथि पर परम पूज्य स्वानंद बाबा का समाधि पर्व भी मनाया जाता है, जिससे यह दिवस आश्रम से जुड़े भक्तों के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है।
प्रातःकाल से ही आश्रम परिसर में ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘हर हर महादेव’ के मंत्रोच्चार और रुद्रपाठ की गूंज वातावरण को शिवमय बना रही थी। आश्रम के ट्रस्टी एवं बाबा के प्रमुख शिष्य प्रेम शुक्ल ने सपरिवार विधिवत पूजन, दुग्धाभिषेक और हवन संपन्न कराया। भक्तों ने शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर अपने जीवन में शिव-तत्व की स्थापना का संकल्प लिया।

इस पुण्य अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अभय मिश्र द्वारा संपादित प.पू. स्वानंद बाबा सेवा न्यास की ‘प.पू. स्वानंद बाबा पंचांग व दिनदर्शिका’ का भी विधिवत विमोचन किया गया। यह दिनदर्शिका केवल तिथियों का संकलन नहीं, अपितु गुरु-उपदेश और आध्यात्मिक मार्गदर्शन का प्रेरक दस्तावेज है।
समारोह में पं. दुर्गाप्रसाद पाठक, शांति प्रेम शुक्ला, आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगली, वरिष्ठ पत्रकार श्रीनारायण तिवारी, श्री सिद्धिविनायक मंदिर के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, समाजसेवी पंकज मिश्रा, डॉ. दीप नारायण शुक्ला, भाजपा नेता गजेंद्र भंडारी, ओमप्रकाश कावड़िया, वरिष्ठ पत्रकार द्वय शेषनाथ सिंह व पुष्पराज मिश्र, संजीव साहू, बलवीर नेगी, सरबजीत सिंह, जगत गौतम, विपेंद्र पाठक, अनिल शुक्ल, अविनाश पांडेय, धर्मेन्द्र पांडेय, संजय सिंह, अनिल बारी, रविंद्र मिश्र, राजदेव तिवारी, अनिल मिश्र, रमाकांत गुप्ता, प्रसिद्ध गायक शिवसागर मिश्र सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस अवसर पर आश्रम में जूना अखाड़ा से संबद्ध महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. उमाकांतानंद सरस्वती जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित थे।
पूरे आयोजन में भक्ति, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत समन्वय दृष्टिगोचर हुआ। शिव-चेतना और गुरु-कृपा के इस दिव्य संगम ने उपस्थित श्रद्धालुओं के अंतर्मन को शांति, श्रद्धा और आत्मबल से परिपूर्ण कर दिया।
