
▪️ मुंबई
महर्षि दयानंद कॉलेज, परेल-मुंबई के उप-प्राचार्य, हिंदी विभागाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गजलकार डॉ. उमेश चन्द्र शुक्ल की पुत्री अनुष्का उमेश शुक्ला ने प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट परीक्षा उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण कर परिवार, समाज तथा क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
मूल रूप से बेहड़ा, केराकत (जनपद जौनपुर, उत्तर प्रदेश) की निवासी अनुष्का ने अपनी लगन, कठिन परिश्रम और अनुशासित अध्ययन के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। चार्टर्ड अकाउंटेंट जैसी कठिन और चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त करना उनकी प्रतिभा और समर्पण का परिचायक है।
सीए परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही मुंबई स्थित उनके निवास ओशियन व्यू तथा पैतृक गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, शुभचिंतकों, शिक्षकों, साहित्यकारों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने अनुष्का को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस अवसर पर डॉ. उमेश चन्द्र शुक्ल ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। अनुष्का की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
