
▪️ मुंबई
सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों की बेहतर सुविधा और बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए लोकमान्य टिलक टर्मिनस पर 24 जून से 26 जून तक विशेष ट्रैफिक ब्लॉक घोषित किया है। यह ब्लॉक 24 जून सुबह 8 बजे से शुरू होकर 26 जून दोपहर 4 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान स्टेशन परिसर में कई महत्वपूर्ण तकनीकी और रखरखाव कार्य किए जाएंगे, जिससे ट्रेन संचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे के अनुसार, ब्लॉक के दौरान शंटिंग नेक का निर्माण, ‘सिक साइडिंग’ में बदलाव, मेंटेनेंस साइडिंग यार्ड का विस्तार तथा पिट लाइनों (6, 7, 8 और 9) का विस्तार किया जाएगा। साथ ही पानी की आपूर्ति, ड्रेनेज सिस्टम और वर्षा जल निकासी से जुड़ी पाइपलाइन का भी पुनर्गठन किया जाएगा।
इस ब्लॉक के कारण कई लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को ठाणे स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। इनमें मत्स्यगंधा एक्सप्रेस, नेत्रावती एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं।
वहीं, कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में 3 से 4 घंटे तक की देरी की गई है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
