- भाईंदर
लंबे समय से अपने अनोखे डिजाइन और उससे जुड़े विवादों के कारण चर्चा में रहा गोल्डन नेस्ट सर्कल फ्लाईओवर आखिरकार रविवार को आम यातायात के लिए खोल दिया गया। भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने फ्लाईओवर का लोकार्पण कर इसे नागरिकों को समर्पित किया।

लोकार्पण समारोह में महापौर डिंपल मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप जैन, हसमुख गहलोत, संजय थरथरे, आकांक्षा विरकर, नवीन सिंह, शैलेश पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाईंदर (पूर्व) में मेट्रो लाइन के समानांतर निर्मित इस फ्लाईओवर का डिजाइन शुरुआत से ही चर्चा का विषय बना रहा। चार लेन से दो लेन में परिवर्तित होने वाली इसकी संरचना को लेकर सोशल मीडिया पर कई सवाल उठे थे। तस्वीरें वायरल होने के बाद सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर चिंताएं भी व्यक्त की गई थीं। इसके बाद एमएमआरडीए ने फ्लाईओवर के अंतिम हिस्से में तकनीकी सुधार करते हुए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए।
विधायक नरेंद्र मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में साकार हुई यह परियोजना मीरा-भाईंदर की यातायात व्यवस्था को नई गति देगी। इससे नागरिकों की यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध होगी तथा क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।
