
- मुंबई
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष मंत्रालय, भारत सरकार एवं मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई), नई दिल्ली की आधिकारिक साझेदारी तथा श्री हरि नारायण सेवा संस्थान, मुंबई के सहयोग से आयोजित 100 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का भव्य समापन हुआ। महोत्सव का नेतृत्व पालघर पीठाधीश्वर एवं महाराष्ट्र योग प्रमुख ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज ने किया।
महोत्सव के अंतर्गत दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, नासिक, अहिल्यानगर, मुंबई, मीरा-भाईंदर और पालघर सहित विभिन्न क्षेत्रों में हजारों लोगों ने योग, प्राणायाम, ध्यान और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लिया। पालघर के सुंदरम सेंट्रल स्कूल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और ट्रस्टियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज ने ‘श्वास विज्ञान’ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सही श्वास स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने श्वास की वैज्ञानिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। कार्यक्रम का आकर्षण लाफ्टर योग रहा, जिसमें बच्चों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर समाज, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और मानवता के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को ‘अहिंसा योग अवार्ड 2026’ से सम्मानित करने की घोषणा की गई। कार्यक्रम का समापन सामूहिक शांति प्रार्थना, विश्व कल्याण संकल्प और ‘हर घर योग–हर व्यक्ति निरोग’ के उद्घोष के साथ हुआ।
