
▪️ मुंबई
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली ने मैदान के बाद अब कारोबार की दुनिया में भी बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। उनके स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल ब्रांड ONE8 के नए जूतों को लॉन्च होते ही जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। रिपोर्टों के अनुसार, लॉन्च के पहले 24 घंटों में ही लगभग 1.5 लाख जोड़ी जूते बिक गए, जिससे ब्रांड ने सौ करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार कर लिया।
इन जूतों की कीमत 9,230 रुपए रखी गई है। माना जा रहा है कि यह कीमत कोहली के टेस्ट क्रिकेट में बनाए गए 9,230 रनों को सम्मान देने के लिए तय की गई है। बिक्री के शुरुआती आंकड़ों के आधार पर अनुमान है कि पहले ही दिन कारोबार 138 करोड़ रुपए से अधिक पहुंच गया।
ONE8 ब्रांड की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। पहले यह जर्मन स्पोर्ट्स कंपनी Puma के साथ साझेदारी में संचालित होता था, लेकिन अब कोहली ने स्पोर्ट्स एवं लाइफस्टाइल कंपनी Agilitas Sports के साथ मिलकर इसे नए रूप में आगे बढ़ाया है। ब्रांड के तहत जूते, परिधान और फिटनेस उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
नई दिल्ली में आयोजित भव्य लॉन्च कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने भाग लिया। सोशल मीडिया पर भी ONE8 जूतों की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता दर्शाती है कि विराट कोहली केवल क्रिकेट का ही नहीं, बल्कि भारत के सबसे प्रभावशाली ब्रांड चेहरों में भी शामिल हैं।
कोहली की यह उपलब्धि बताती है कि खेल जगत की लोकप्रियता को सफल व्यवसाय में बदलने की उनकी रणनीति फिलहाल पूरी तरह सफल होती नजर आ रही है।
