
▪️मुंबई
डेंगू से बचाव के क्षेत्र में भारत ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने देश की पहली डेंगू वैक्सीन ‘क्यूडेंगा’ (QDENGA) को मंजूरी दे दी है। जापानी दवा कंपनी ताकेदा द्वारा विकसित यह वैक्सीन अब 4 से 60 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए उपलब्ध होगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस वैक्सीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे लगवाने से पहले यह जांच कराने की आवश्यकता नहीं होगी कि व्यक्ति को पहले कभी डेंगू हुआ है या नहीं। यानी पहले संक्रमित हो चुके और कभी संक्रमित न हुए, दोनों तरह के लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।
‘क्यूडेंगा’ दो खुराक वाली वैक्सीन है, जिसकी दोनों डोज़ तीन महीने के अंतराल पर दी जाएंगी। क्लीनिकल परीक्षणों में यह डेंगू से बचाव के साथ-साथ गंभीर संक्रमण और अस्पताल में भर्ती होने के जोखिम को भी काफी हद तक कम करने में प्रभावी पाई गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी इस वैक्सीन की सिफारिश कर चुका है और इसे दुनिया के कई देशों में पहले ही मंजूरी मिल चुकी है।
हर वर्ष मानसून के दौरान डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस मंजूरी को सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि वैक्सीन के साथ-साथ मच्छरों की रोकथाम, साफ-सफाई और समय पर उपचार जैसी सावधानियां भी डेंगू नियंत्रण में समान रूप से महत्वपूर्ण रहेंगी।
