
▪️मुंबई
मुंबई और पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में लगातार तीसरे दिन मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने 24 जुलाई तक मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में अत्यधिक बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
आईएमडी के अनुसार, तटीय महाराष्ट्र के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र (लो-प्रेशर सिस्टम) के प्रभाव से बारिश का दौर फिलहाल जारी रहेगा। अगले 24 घंटों के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और समुद्र में 3.32 मीटर तक ऊंची ज्वार आने की संभावना है। इसके चलते निचले इलाकों में जलभराव और बढ़ सकता है।
बारिश के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सांताक्रूज में 48.4 मिमी और कोलाबा में 35.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बीएमसी ने बताया कि पश्चिमी उपनगरों में 64.91 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 48.70 मिमी और शहर क्षेत्र में 36.65 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
लगातार हो रही बारिश का असर शहर के जलाशयों पर भी दिखाई दे रहा है। मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाली सात झीलों में जल भंडार बढ़कर लगभग 62 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इस बीच तानसा झील इस मानसून में ओवरफ्लो होने वाली दूसरी झील बन गई है। इससे पहले तुलसी झील भी पूरी तरह भर चुकी है, जिससे शहर की जलापूर्ति को लेकर राहत की स्थिति बनी है।
