
▪️मुंबई
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी हालिया ब्लॉग पोस्ट का गलत अर्थ निकाला गया, जिससे लोगों को लगा कि उन्होंने सर्जरी कराई है या आईसीयू में भर्ती थे।
अमिताभ बच्चन ने कहा कि उन्होंने कोई सर्जरी नहीं कराई है। उनके ब्लॉग में अस्पताल, सर्जरी और आईसीयू का उल्लेख केवल एक उदाहरण के रूप में किया गया था। दरअसल, वह यह बताना चाहते थे कि किसी बड़ी चुनौती या हार के बाद उससे उबरना कितना कठिन होता है। यह टिप्पणी उन्होंने फुटबॉल विश्व कप फाइनल में अर्जेंटीना की हार और लियोनेल मेसी जैसे महान खिलाड़ी की मानसिक स्थिति को उदाहरण बनाकर लिखी थी, लेकिन लोगों ने इसे उनकी निजी स्वास्थ्य स्थिति से जोड़ दिया।
उन्होंने प्रशंसकों को आश्वस्त करते हुए कहा, ‘मैं बिल्कुल ठीक हूं। मेरी पोस्ट को गलत समझ लिया गया।’ इसके साथ ही उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि फिलहाल उनकी सेहत पूरी तरह अच्छी है।
बता दें कि अमिताभ बच्चन की ब्लॉग पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि अब अभिनेता की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है।
