- 24 लाख के गहनों से सजती है राधा

▪️जालोर। राजस्थान में गाय के प्रति अनूठे प्रेम की मिसाल सामने आई है। जालोर जिले के धानोल गांव के व्यवसायी नरेंद्र राजपुरोहित अपनी प्रिय गाय ‘राधा’ के लिए करीब एक करोड़ रुपये की लागत से आलीशान दो मंजिला महल बनवा रहे हैं। राधा की शाही देखभाल और उसके लिए किए जा रहे इंतजाम लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
कांकरेज नस्ल की राधा को नरेंद्र परिवार का सदस्य ही नहीं, मां के समान मानते हैं। उसके लिए बन रहे महल में संगमरमर का फर्श और आधुनिक सुविधाएं होंगी। खास बात यह है कि इस महल की ऊंचाई नरेंद्र के अपने घर से भी सवा फुट अधिक रखी जा रही है। राधा की सेवा के लिए चार लोगों को नियुक्त किया गया है।
राधा को सोने-चांदी के करीब 10 किलोग्राम वजन वाले आभूषणों से सजाया जाता है। इनकी कीमत लगभग 24 लाख रुपये बताई गई है। परिवार के सदस्य सुबह-शाम उसकी आरती करते हैं और उसे देशी घी से बने लड्डू खिलाते हैं।
नरेंद्र वर्ष 2015 में राधा को पथमेडा गोशाला से अपने घर लाए थे। उनका मानना है कि राधा के आने के बाद कारोबार में तरक्की हुई और आर्थिक स्थिति बेहतर हुई। इसी विश्वास और लगाव के चलते उन्होंने उसके लिए आलीशान महल बनवाने का फैसला किया।
मुंबई में व्यवसाय करने वाले नरेंद्र सीसीटीवी के जरिए भी राधा पर नजर रखते हैं और समय-समय पर गांव जाकर उसकी सेवा करते हैं। उनके पास कुल 25 गायें हैं, लेकिन राधा से उनका विशेष जुड़ाव है। परिवार गोशालाओं को आर्थिक सहयोग भी देता है।
