▪️मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से की मुलाकात, 31 अक्टूबर को होगा समारोह

- मुंबई। नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 के शुभारंभ के अवसर पर 31 अक्टूबर को होने वाले ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार तथा राज्य मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रियों, अधिकारियों और पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें निमंत्रण दिया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र की आध्यात्मिक परंपरा, आदिवासी उद्यमिता, वस्त्रकला और कृषि समृद्धि को दर्शाने वाला विशेष उपहार संग्रह भी भेंट किया गया। इसमें येवला की प्रसिद्ध पैठणी, काली किशमिश, काजू, चिवड़ा, मिठाइयां, सूखे मेवे तथा शबरी नेचुरल्स के उत्पाद शामिल हैं।

निमंत्रण पेटी में कुंभ मेले की पौराणिक पृष्ठभूमि और आध्यात्मिक महत्ता दर्शाने वाली त्रिआयामी कलाकृति तैयार की गई है। राष्ट्रपति को ध्वजारोहण के दिन गोदा आरती, कुंभ मेला प्राधिकरण की वेबसाइट के उद्घाटन, कुंभ गीत के लोकार्पण, कॉफी टेबल बुक के विमोचन और विशेष डाक टिकट के अनावरण समारोह के लिए भी आमंत्रित किया गया है।
इस अवसर पर मंत्री गिरीश महाजन, दादाजी भुसे, नरहरि झिरवाल, छगन भुजबल, नाशिक की महापौर हिमगौरी आहेर-आडके और त्र्यंबक नगर परिषद की अध्यक्ष त्रिवेणी तुंगार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
