
▪️मुंबई। वर्सोवा-दहिसर कोस्टल रोड परियोजना के लिए गोरेगांव स्थित वीर सावरकर फ्लाईओवर को तोड़ने की योजना रद्द कर दी गई है। अब पुराने पुल को बरकरार रखते हुए उसके ऊपर से नया एलिवेटेड मार्ग बनाया जाएगा। इससे सात साल पहले 27 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
मुंबई महानगरपालिका ने उत्तर मुंबई कोस्टल रोड का निर्माण तेज कर दिया है। पहले परियोजना के रास्ते में आ रहे वीर सावरकर फ्लाईओवर, जिसे एमटीएनएल फ्लाईओवर भी कहा जाता है, को तोड़ने का प्रस्ताव था। इससे स्थानीय यातायात प्रभावित होने की आशंका थी। वैकल्पिक डिजाइन से अब इस समस्या का समाधान निकाला गया है।
वर्ष 2018 में शुरू हुआ यह पुल गोरेगांव में रेडिसन होटल से रुस्तमजी ओजोन परिसर तक फैला है। कोस्टल रोड को गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड से भी जोड़ा जाएगा। इससे पश्चिमी उपनगरों से मुलुंड और ठाणे की ओर आवागमन सुगम होने तथा यातायात का दबाव घटने की उम्मीद है। मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
