
▪️मुंबई
अक्टूबर के अंतिम दिनों में मुंबईकरों को गर्मी, उमस और वायु प्रदूषण की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। बुधवार, 21 अक्टूबर को सुबह धुंध के बीच दिन की शुरुआत हुई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई, ठाणे और पालघर में अगले 24 घंटे मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
कोलाबा में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री, जबकि सांताक्रूज में 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों केंद्रों पर बारिश नहीं हुई।
मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 116 रहा, जो मध्यम श्रेणी में है। कोलाबा में यह 161, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में 149, देवनार में 146 और वर्ली में 139 दर्ज किया गया। ठाणे में एक्यूआई 92, नवी मुंबई में 105 और कल्याण में 74 रहा।
वहीं, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में गरज-चमक, बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी दी गई है। गर्मी से बचने के लिए लोगों को पर्याप्त पानी पीने और दोपहर में तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है।
