
▪️मुंबई। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक पर 1 नवंबर 2026 से सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर स्थायी प्रतिबंध लागू होगा। यात्रियों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए महाराष्ट्र हाईवे पुलिस ने यह निर्णय लिया है।
प्रतिबंध के दायरे में ट्रक, पिकअप वैन, टाटा एस सहित छोटे-बड़े मालवाहक वाहन शामिल हैं। ज्वलनशील और विस्फोटक पदार्थ ले जाने वाले वाहनों को भी इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें एक्सप्रेसवे के पुराने मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ेगा।
मिसिंग लिंक पर निजी कारों, जीप और अन्य पात्र हल्के वाहनों के साथ यात्री बसों को अनुमति रहेगी। कारों और हल्के वाहनों की अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि यात्री बसों के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है।
मिसिंग लिंक शुरू होने से मुंबई-पुणे यात्रा की दूरी करीब छह किलोमीटर कम होने और 20 से 30 मिनट समय बचने की उम्मीद है।
