
▪️मुंबई
महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों को राहत पहुंचाने के लिए श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिर्डी ने 5 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी है। ट्रस्ट की ओर से यह राशि मुख्यमंत्री सहायता निधि में जमा कराने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चेक सौंपा गया। मुंबई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट की ओर से गोरक्ष गाडीलकर ने मुख्यमंत्री फडणवीस को 5 करोड़ रुपए का चेक प्रदान किया।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में सूखे के कारण किसानों को खेती और आजीविका से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में सूखाग्रस्त किसानों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री सहायता निधि में दिया गया यह योगदान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस निधि के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के प्रयास किए जाते हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों की मदद के उद्देश्य से दिए गए इस योगदान के लिए श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील, मंत्री गिरीश महाजन, मंत्री दत्तात्रय भरणे, विधायक किसन कथोरे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
