
▪️मुंबई
मुंबई में जलापूर्ति की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने नागरिकों को अगले सात दिनों तक पीने का पानी उबालकर और छानकर इस्तेमाल करने की सलाह दी है। यह एहतियाती निर्देश ठाणे और भिवंडी के कुछ क्षेत्रों के लिए भी जारी किया गया है।
पाइस-पांजरापुर परिसर स्थित येवई मास्टर बैलेंसिंग जलाशय के कम्पार्टमेंट नंबर-2 की मरम्मत पूरी होने के बाद बुधवार, 28 अक्टूबर को इसे दोबारा चालू करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
बीएमसी के अनुसार, मुंबई शहर के बी, ई, एफ-साउथ और एफ-नॉर्थ वार्ड के साथ नौसेना डॉकयार्ड और बीपीटी क्षेत्र में सावधानी बरतने की जरूरत है। पूर्वी उपनगरों में मुलुंड, भांडुप, नाहुर, कांजुरमार्ग, विक्रोली, घाटकोपर, कुर्ला पूर्व तथा एम-ईस्ट और एम-वेस्ट वार्ड के क्षेत्रों में भी यह सलाह लागू है।
महानगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे सात दिनों तक पानी अच्छी तरह उबालकर और छानकर ही पिएं तथा पेयजल के इस्तेमाल में सावधानी बरतें।
