- 19.69 करोड़ के मसाले जब्त
▪️मुंबई
दिवाली के दौरान मिठाई, फरसाण और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ ही महाराष्ट्र के अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मिलावटखोरों और घटिया गुणवत्ता वाले उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

मुंढे के अनुसार, त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक मसालों से जुड़ी 1,057 इकाइयों की जांच की गई है। इनमें से 94 इकाइयों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। जांच के दौरान 11,963 क्विंटल मसाले और उनसे बने उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 19.69 करोड़ रुपए बताई गई है। नियमों का पालन नहीं करने पर 557 कारोबारियों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
एफडीए अब खुदरा दुकानों के साथ गोदामों और उत्पादन इकाइयों की भी जांच करेगा। खाद्य तेल, मिठाई, चकली, चिवड़ा और फरसाण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मुंढे ने कारोबारियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि नागरिकों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
