▪️मुंबई। मुंबई में खुले में कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने पर रोक लगाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने तकनीक आधारित पहल शुरू की है। इसके तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से लैस कैमरों की मदद से कचरा जमा होने की आशंका वाले स्थानों पर निगरानी रखी जाएगी। कैमरा कचरा फेंकने के लिए आने वाले व्यक्ति की गतिविधि पहचानकर तत्काल लाउडस्पीकर के जरिए उसे परिसर साफ रखने और खुले में कचरा नहीं डालने की चेतावनी देगा।

बीएमसी के ‘जी/उत्तर’ विभाग ने इस पहल की शुरुआत माहिम स्थित डॉ. रायकर मार्ग के गजानन वाटिका में एआई आधारित कैमरा लगाकर की है। इस व्यवस्था का उद्देश्य उन स्थानों पर कचरा जमा होने से रोकना है, जहां बार-बार गंदगी फैलने की आशंका रहती है।
मुंबई मनपा के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न स्थानों पर ऐसे एआई कैमरे लगाए जाएंगे। इस तकनीक से खुले में कचरा फेंकने वालों को मौके पर ही सचेत करने और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
