
▪️मुंबई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार को फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रधानमंत्री ने उनसे बातचीत की और जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए पूरी तरह आराम करने की सलाह दी।
गौरतलब है कि 86 वर्षीय शरद पवार को खांसी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार के बाद बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पवार के करीबी विठ्ठल मणियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के दौरान शरद पवार से कहा कि वे अपने दौरे और यात्राएं कम करें तथा खानपान पर ध्यान देते हुए पर्याप्त आराम करें। इस दौरान मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘शरदराव, आप अपनी सेहत का ध्यान रखिए। सुप्रिया ताई और हम सभी मिलकर देश संभाल लेंगे। आप बस हमें मार्गदर्शन देते रहिए।’
प्रधानमंत्री की इस आत्मीय बातचीत पर शरद पवार ने आभार व्यक्त किया। फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल से छुट्टी के बाद वे मुंबई स्थित अपने आवास पर कुछ दिन आराम करेंगे।
