- रणबीर कपूर की फिल्म के 36 लाख से अधिक टिकट बिके, पहले दिन के लिए भी दर्शकों में जबरदस्त उत्साह

- मुंबई। भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल रणबीर कपूर अभिनीत ‘रामायण’ ने रिलीज से पहले ही कमाई के नए आंकड़े छूने शुरू कर दिए हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग को मिले प्रतिसाद ने फिल्म उद्योग का ध्यान खींचा है। ट्रेड रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती छह दिनों में फिल्म के 36.37 लाख से अधिक टिकट बिके और एडवांस बुकिंग से कुल 130.12 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई। इसमें ब्लॉक की गई सीटों की राशि भी शामिल है। इनके बिना वास्तविक अग्रिम कमाई 105.12 करोड़ रुपये बताई गई है।
फिल्म के पहले दिन को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। 5 नवंबर की सुबह तक देशभर में 26,615 शो के लिए करीब 14.05 लाख टिकटों की बिक्री हो चुकी थी। इससे ब्लॉक सीटों को छोड़कर 42.96 करोड़ रुपये और उन्हें शामिल करने पर 50.08 करोड़ रुपये की कमाई हुई।
निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में अरुण गोविल राजा दशरथ, लारा दत्ता रानी कैकेयी और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका निभा रही हैं।
फिल्म को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और अंग्रेजी में रिलीज किया गया है। एडवांस बुकिंग के आंकड़ों ने इसकी शुरुआती कारोबारी संभावनाओं को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
