- मुंबई । महाराष्ट्र में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और उनकी जांच तेज करने के लिए अब मुंबई सहित राज्य के प्रत्येक शहर और रेलवे पुलिस थाने में स्वतंत्र साइबर कक्ष स्थापित किया जाएगा। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक, साइबर विभाग ने इस संबंध में संबंधित पुलिस इकाइयों को निर्देश जारी किए हैं।

नए साइबर कक्षों में प्रशिक्षित अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति होगी। महाराष्ट्र साइबर अथवा मुंबई में साइबर अपराधों से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त पुलिसकर्मियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इन कक्षों में साइबर अपराधों की शिकायतें दर्ज करने, कार्रवाई का नियमित फॉलोअप लेने और जांच की प्रगति का रिकॉर्ड रखने की जिम्मेदारी होगी। संबंधित थाने के पुलिस निरीक्षक साइबर कक्ष के पर्यवेक्षण अधिकारी होंगे, जबकि साइबर नोडल अधिकारी निगरानी करेंगे।
पुलिस थानों की श्रेणी के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती होगी। ‘ए’ श्रेणी के थानों में एक सहायक पुलिस निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक और दो कर्मचारी, जबकि ‘बी’ और ‘सी’ श्रेणी के थानों में एक उपनिरीक्षक और एक कर्मचारी नियुक्त किया जाएगा।
