- सूर्यकांत उपाध्याय

प्राचीन काल में राजा सगर के साठ हजार पुत्र कपिल मुनि के श्राप से भस्म हो गए थे। उनके उद्धार का एकमात्र उपाय था कि स्वर्ग से मां गंगा पृथ्वी पर आएं और उनका पवित्र जल पुत्रों की अस्थियों को स्पर्श करे। कई पीढ़ियां बीत गईं, लेकिन यह कार्य पूरा नहीं हो सका। अंततः राजा भगीरथ ने कठोर तपस्या कर ब्रह्माजी को प्रसन्न किया और गंगा को पृथ्वी पर लाने का वरदान प्राप्त किया।
गंगा का वेग अत्यंत प्रचंड था। पृथ्वी को उसके प्रभाव से बचाने के लिए भगवान शिव ने उन्हें अपनी जटाओं में धारण किया और फिर धीरे-धीरे पृथ्वी पर प्रवाहित किया। मां गंगा राजा भगीरथ के पीछे-पीछे आगे बढ़ने लगीं। मार्ग में वे महर्षि जह्नु के आश्रम पहुंचीं। उनकी तेज धारा से आश्रम और यज्ञशाला जलमग्न हो गई। इससे महर्षि जह्नु की तपस्या में विघ्न पड़ा और वे क्रोधित हो उठे।
अपने तपोबल से महर्षि ने पूरी गंगा को पी लिया। गंगा के लुप्त होने से भगीरथ का संकल्प अधूरा रह गया। उन्होंने देवताओं और ऋषि-मुनियों के साथ महर्षि जह्नु से गंगा को पुनः मुक्त करने की विनती की। उनकी प्रार्थना से प्रसन्न होकर महर्षि ने अपने दाहिने कान से गंगा को पुनः प्रकट किया।
इस घटना के बाद गंगा को ‘जाह्नवी’ कहा जाने लगा, जिसका अर्थ है महर्षि जह्नु की पुत्री।
इसके बाद मां गंगा भगीरथ के साथ आगे बढ़ीं और राजा सगर के पुत्रों की अस्थियों तक पहुंचीं। उनके पवित्र जल के स्पर्श से सगर पुत्रों को मोक्ष प्राप्त हुआ और भगीरथ की तपस्या सफल हुई। तभी से किसी कठिन और असंभव कार्य को अथक प्रयास से पूरा करने के लिए ‘भगीरथ प्रयत्न’ शब्द का प्रयोग किया जाता है।
