- तीन दशक तक भारतीय सड़कों पर किया राज

- मुंबई । कभी आम भारतीय परिवारों के लिए कार खरीदने का सपना साकार करने वाली मारुति 800 ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित कार को FIVA वर्ल्ड व्हीकल हेरिटेज अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली मारुति 800 भारत की पहली कार बन गई है। यह सम्मान भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग के इतिहास में इसके महत्वपूर्ण योगदान की अंतरराष्ट्रीय पहचान है।
फेडरेशन इंटरनेशनल डेस व्हीक्यूल्स एंसियंस (FIVA) की ओर से दुनिया की 21 ऐतिहासिक कारों को इस सम्मान के लिए चुना गया था। इनमें मारुति 800 एकमात्र भारतीय कार है। यह पुरस्कार उन वाहनों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने देश की परिवहन व्यवस्था, औद्योगिक विकास और सामाजिक जीवन को प्रभावित किया है।
दिसंबर 1983 में भारतीय बाजार में दस्तक देने वाली मारुति 800 ने देश में कारों की दुनिया बदल दी थी। उस दौर में कार खरीदना ज्यादातर परिवारों के लिए महंगा सपना था। किफायती कीमत, छोटा आकार और आसान रखरखाव इसकी लोकप्रियता की प्रमुख वजह बने। देखते ही देखते यह मध्यमवर्गीय परिवारों की पहली पसंद और भारतीय सड़कों की पहचान बन गई।
मारुति 800 का निर्माण भारत सरकार और जापान की सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के बीच हुए समझौते के बाद शुरू हुआ था। सुजुकी के एसएस80 मॉडल पर आधारित इस कार का उत्पादन करीब तीन दशक तक जारी रहा। इस दौरान इसकी 29 लाख से अधिक इकाइयां बनाई गईं। इसने देश में यात्री वाहन निर्माण के साथ ऑटोमोबाइल कलपुर्जा उद्योग को भी बढ़ावा दिया।
- विदेशों तक पहुंची भारतीय पहचान
मारुति 800 का निर्यात वर्ष 1987 में शुरू हुआ। हंगरी, फ्रांस और बेल्जियम जैसे देशों में भी इस कार ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इससे भारतीय वाहन उद्योग की विनिर्माण क्षमता को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली।
FIVA ऐतिहासिक वाहनों के संरक्षण के लिए काम करने वाला अंतरराष्ट्रीय गैर-लाभकारी संगठन है। इस सम्मान की खासियत यह है कि इसमें केवल महंगी और दुर्लभ कारों को ही नहीं, बल्कि उन वाहनों को भी महत्व दिया जाता है, जिन्होंने आम लोगों के जीवन में बदलाव लाया हो।
मारुति 800 इसी विरासत का प्रतीक है। इसने भारत में कारों को विलासिता की वस्तु से निकालकर आम परिवारों की पहुंच तक लाने में अहम भूमिका निभाई।
