- डेविड बेकहम ने साझा की कहानी

- झाबुआ। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले की 17 वर्षीय हिमां निनामा ने अपनी पढ़ाई बचाने के लिए परिवार के फैसले के खिलाफ आवाज उठाई और बाल विवाह रुकवाकर दूसरी लड़कियों के लिए मिसाल बन गई। परिवार ने कम उम्र में उसकी शादी तय कर दी थी, लेकिन हिमां ने अपने सपनों से समझौता करने के बजाय स्कूल के शिक्षकों से मदद मांगी। शिक्षकों के प्रयासों से परिवार को समझाया गया और उसकी शादी रुक गई।
आज हिमां 12वीं कक्षा की छात्रा है। उसका सपना शिक्षिका बनकर उन लड़कियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है, जिन्हें कम उम्र में पढ़ाई छोड़कर शादी करने का दबाव झेलना पड़ता है।
हिमां की इस हिम्मत और संघर्ष की कहानी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने उसकी कहानी को सामने लाया है। विश्व बाल दिवस के अवसर पर 20 नवंबर को इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉल कप्तान और यूनिसेफ के सद्भावना दूत डेविड बेकहम ने भी सोशल मीडिया पर उसकी कहानी साझा की।
कल्याणपुरा के सांदीपनि स्कूल के प्राचार्य जीपी ओझा और शिक्षकों ने हिमां के परिवार को बाल विवाह के नुकसान समझाए। इसके बाद हिमां ने पढ़ाई जारी रखी और 11वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। पढ़ाई के साथ उसे खेलों में भी रुचि है। शिक्षकों के प्रोत्साहन से उसने खेल गतिविधियों में भाग लेना भी शुरू किया।
यूनिसेफ की टीम ने हिमां के गांव और स्कूल पहुंचकर उसकी संघर्ष यात्रा पर लघु वृत्तचित्र बनाया। बेकहम ने उसकी कहानी साझा करते हुए कहा कि सही अवसर और सहयोग मिलने पर लड़कियां अपने जीवन के फैसले स्वयं लेने और नेतृत्व करने में सक्षम होती हैं।
